बिजली कटौती के विरोध में शनिवार को बड़का रोड पर फैक्टरी मालिकों की बैठक हुई। जिसमें ऊर्जा निगम के अफसरों की कार्यशैली और अघोषित विद्युत कटौती को लेकर नाराजगी जताई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि तीन दिनों के अंदर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो फैक्टरी मालिक आंदोलन शुरू कर देंगें।
बड़ौत इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती और इंडियन इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हुई बैठक में उद्यमियों ने कहा कि आए दिन घंटों अघोषित विद्युत कटौती से व्यापार मंदा होता जा रहा है। बार-बार कट होने से मशीनें बंद करनी पड़ रही है। पूरे दिन में मात्र चार से पांच घंटे ही बिजली आपूर्ति में व्यापार चौपट होने के कगार पर है। ऊर्जा निगम को सबसे ज्यादा रेवेन्यू देने वाले फैक्टरी मालिकों के साथ ऊर्जा निगम सौतेला व्यवहार कर रहा है। उधर एक्सईएन प्रथम दुर्गेश कुमार जायसवाल ने फैक्टरी मालिकों से बातचीत कर समस्या का हल निकालने जाने की बात कहीं। बैठक में पंकज जैन, तरुण जैन, दिनेश कुमार, गौरव जैन, लोकेश जैन आदि रहे।