बोकारो औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं एवं समाधान को लेकर लघु उद्योग भारती की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

June 13, 2026
Bokaro,
JHARKHAND

लघु उद्योग भारती, झारखण्ड की बोकारो औद्योगिक क्षेत्र इकाई के साथ महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

लघु उद्योग भारती, झारखण्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक बोकारो औद्योगिक क्षेत्र इकाई के साथ बोकारो में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रांतीय महामंत्री श्री बिनोद कुमार अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष श्री विजय छापड़िया एवं ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी श्री प्रकाश हेतमसरिया उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य स्थानीय उद्योगों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास सुनिश्चित करना था।

बैठक में बोकारो के उद्यमियों ने बिजली आपूर्ति, जल निकासी, औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव, बड़ी कंपनियों द्वारा स्थानीय इकाइयों को कार्यों में प्राथमिकता न मिलने तथा बोकारो स्टील प्लांट से जुड़े विभिन्न व्यावसायिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उद्यमियों ने औद्योगिक इकाइयों के लिए सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं मानसून के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

उद्यमियों ने बताया कि बोकारो स्टील प्लांट में अत्यधिक प्रतिस्पर्धा, बढ़ी हुई एलडी क्लॉज एवं कम डिलीवरी अवधि के कारण स्थानीय उद्योगों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। साथ ही बोकारो एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बावजूद संचालन शुरू न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई।

बोकारो इकाई के अध्यक्ष श्री अभय श्रीवास्तव ने कहा कि बीएसएल द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय जियाडा इकाइयों से संवाद किए बिना लिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि भविष्य में किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय से पूर्व बीएसएल, जियाडा प्रबंधन एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ पीएलसी बैठक में विचार-विमर्श किया जाए। साथ ही पुराने उद्योगों को लीज होल्ड के स्थान पर फ्री होल्ड भूमि की सुविधा प्रदान करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने की मांग भी रखी गई।

बैठक के दौरान चार नए सदस्य—एपी कंस्ट्रक्शन, रश्मी केमिकल, पृथिव मेटल्स एवं अखिलेश कुमार इंडीजिनियस इंडस्ट्रीज—लघु उद्योग भारती, झारखण्ड परिवार से जुड़े। प्रांतीय महामंत्री श्री बिनोद कुमार अग्रवाल ने सभी समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया तथा आगामी ईस्टर्न इंडिया एवं नॉर्थ ईस्ट क्षेत्रीय दो दिवसीय अधिवेशन में बोकारो से अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी बताया कि लघु उद्योग भारती, झारखण्ड द्वारा ग्राम शिल्पी प्रकोष्ठ का गठन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से मात्र ₹100 की सदस्यता शुल्क पर कारीगर एवं शिल्पकार संगठन से जुड़कर अपने उत्पादों के विपणन में सहयोग प्राप्त कर सकेंगे।

बैठक में बोकारो इकाई के अध्यक्ष श्री अभय श्रीवास्तव, सचिव श्री राजीव रंजन, पूर्व अध्यक्ष श्री शैलेन्द्र कुमार पांडेय, उद्यमी श्री राजेश प्रसाद, महिला उद्यमी श्रीमती सरोज पांडेय, श्री नरेश लोधा, श्री संतोष सिंह सहित अनेक उद्यमियों की उपस्थिति रही।

– बिनोद कुमार अग्रवाल
प्रांतीय महामंत्री, लघु उद्योग भारती, झारखण्ड

Latest News

SUBSCRIBE NEWSLETTER

Stay Updated with
Latest News

Join 50,000+ subscribers. No spam, unsubscribe anytime.
Subscribe to our newsletter and never miss breaking stories, trending topics, and exclusive insights.

Email Address


LUB is India's largest MSME welfare organisation with a grassroot level presence and engagement from all members from Kashmir to Andaman and Nicobar Islands and from Assam to Gujarat. Join us to explore the most expansive industry network in India.
© 2026
Laghu Udyog Bharati. All rights reserved.

Website by Creativity Please