लघु उद्योग भारती रामपुर द्वारा व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन
रामपुर, उत्तर प्रदेश: लघु उद्योग भारती, इकाई रामपुर द्वारा व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विधायक श्री आकाश सक्सेना जी एवं श्री सूर्य प्रकाश पाल जी सहित क्षेत्र के अनेक उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों और समस्याओं को प्रमुखता से माननीय मंत्री जी के समक्ष रखा गया। श्री वरेन्द्र जिंदल जी ने प्लाईवुड उद्योग की समस्याओं को रखते हुए बताया कि बाहर से आने वाले इम्पोर्टेड माल के कारण स्थानीय प्लाईवुड उद्योग को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते स्थानीय प्लाईवुड इकाइयों के लिए बाजार में टिके रहना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
लघु उद्योग भारती, रामपुर के अध्यक्ष श्री दीपक गोयल जी ने व्यापार एवं उद्योग से जुड़े प्रमुख मुद्दों को सामने रखते हुए मंडी शुल्क समाप्त करने तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों के समक्ष आ रही विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग माननीय मंत्री जी के समक्ष रखी।
माननीय मंत्री जी ने उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आश्वासन दिया कि उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़ी समस्याओं को संबंधित विभागों के स्तर पर संज्ञान में लेते हुए उनके व्यावहारिक एवं सकारात्मक समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पाँच उत्कृष्ट व्यापारियों को माननीय मंत्री जी द्वारा सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम ने स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों को अपनी समस्याएं सीधे शासन के समक्ष रखने तथा उनके समाधान के लिए सार्थक संवाद का अवसर प्रदान किया।
लघु उद्योग भारती, इकाई रामपुर द्वारा आयोजित यह व्यापारी संवाद कार्यक्रम स्थानीय उद्योग एवं व्यापार के हितों को मजबूत करने तथा उद्यमियों और शासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।