श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और लघु उद्योग भारती की ओर से विभाग संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम का पांचवां शिविर सोमवार को जयंती फैक्ट्री, बुर्जा में आयोजित हुआ। इसमें 150 से अधिक कर्मचारी और उद्यमी शामिल हुए। शिविर में ईएसआईसी शाखा प्रबंधक राजेश मीणा और ईपीएफओ प्रवर्तन अधिकारी प्रशांत शर्मा ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसमें स्त्री योजना, पंजीकरण व क्लेम निपटान प्रक्रिया और कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने 1 अगस्त 2025 से शुरू हुई प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के बारे में भी बताया। इस योजना पर सरकार 99446 करोड़ रुपए खर्च करेगी और 3.5 करोड़ से अधिक नौकरियां सृजित होने की उम्मीद है।
लघु उद्योग भारती के सचिव पंकज तिवारी ने कह्य कि ऐसे शिविरों से उद्योग और विभागों के बीच संवाद की खाई कम होती है। अध्यक्ष शशांक झालानी ने कहा कि योजनाओं की सही जानकारी और समाधान से दोनों को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में पारस जैन, धर्मवीर, भीम सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।