नए उद्योग लगाएं, एनओसी लेने के लिए मिलेंगे हजार दिन : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आगरा में उद्यमियों से आह्वान किया कि नए उद्योग लगाइए, एक हजार दिन तक एनओसी लेने के लिए छूट है। लघु उद्योग अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। कम खर्चा, कम स्थान, ज्यादा रोजगार सृजन, ज्यादा परिवारों का स्वावलंबन यह सिर्फ लघु उद्योगों से ही संभव है।
इससे पहले मथुरा में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आते ही विपक्ष में भगदड़ मचती है। उन्हें जाति और कल्याण की याद आती है। बाकी समय में विपक्षी सोते रहते हैं। सीएम ने मथुरा के उद्योगों को टीटीजेड के नियमों से बड़ी राहत दी। अधिकारियों को जनपद में बड़ी संख्या में घर, बंगलों, आश्रम, अपार्टमेंट में संचालित गेस्ट हाउस को सुरक्षा शर्तों के साथ मान्य करने के भी निर्देश दिए। साथ ही धार्मिक भवन के निर्माण पर नक्शे बनवाने की अनिवार्यता को भी समाप्त कर दिया।
सीएम फरह स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय धाम में दीनदयाल स्मृति महोत्सव मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन करने आए थे। उन्होंने पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद किसान संगोष्ठी को संबोधित किया। संगोष्ठी के बाद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों संग बैठक में विधायकों ने मथुरा के खासकर साड़ी, चांदी और टोंटी उद्योगों को टीटीजेड के नियमों की वजह से उद्योग बंद हो रहे हैं। इस पर सीएम ने साफ किया कि टीटीजेड के नियमों में मथुरा को राहत दी गई है। ऐसे में अधिकारी बेवजह में उद्यमियों को परेशान न करें।
वहीं आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित कुंजामल एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अधिवेशन में 60 जिलों से 1500 से अधिक लघु उद्यमी शामिल हुए। अपराह्न 3.30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे। योगी ने कहा कि एमएसएमई के लिए प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को आधा मानदेय सरकार देगी। इसके लिए इंटर्नशिप स्कीम लाए हैं। मथुरा में सीएम ने जन्म स्थान परिसर में गोल्ड कार्ट का शुभारंभ किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी भी मौजूद रहे।

