मानेसर, 26 अगस्त 2026। ऑटोमोबाइल कलपुर्जे निर्माण के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में प्रसिद्ध आईएमटी मानेसर में लघु उद्योग भारती के स्थापना दिवस के अवसर पर मानेसर इकाई के गठन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नई इकाई के पदाधिकारियों की घोषणा के साथ उन्हें औपचारिक रूप से दायित्व ग्रहण कराया गया।
लघु उद्योग भारती एक राष्ट्रीय संगठन है, जिसका देशभर में व्यापक संगठनात्मक विस्तार है। संगठन से लगभग 80 हजार सदस्य जुड़े हुए हैं तथा 27 राज्यों और 581 जिलों में 1100 से अधिक इकाइयां कार्यरत हैं।
समारोह में श्रीमती अंजू बजाज, अखिल भारतीय सचिव, श्री अरुण बजाज, अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य एवं हरियाणा राज्य प्रभारी, श्री रमन सलूजा, प्रदेश अध्यक्ष, हरियाणा प्रांत, श्री मनोज रूंगटा, प्रदेश महामंत्री तथा श्री राकेश गुप्ता, प्रदेश संयुक्त सचिव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती मानेसर इकाई का गठन किया गया, जिसमें श्री सत्यपाल कम्बोज को अध्यक्ष, श्री तरुण वधवा को महासचिव तथा श्री प्रवेश कम्बोज को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की ओर से आधिकारिक रूप से दायित्व ग्रहण कराया गया।
समारोह में गुरुग्राम इकाई के अनेक पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें श्री विनोद गुप्ता, अध्यक्ष, श्री विनोद वधवा, महासचिव तथा श्री पवन कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रमुख रहे। इसके अतिरिक्त बादली इकाई के संयोजक श्री पवन गुप्ता तथा सुजूयांशु ग्लोबल नेटवर्किंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, जापान के संचालक श्री सुजुकी यासुमि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। गुरुग्राम के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उद्यमियों ने सहभागिता की और उद्योगों से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित उद्यमियों ने पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
आईएमटी मानेसर की समस्याएं उठाईं
समारोह से पूर्व नवनियुक्त अध्यक्ष श्री सत्यपाल कम्बोज ने आईएमटी मानेसर के उद्यमियों एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रदेश एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समक्ष रखा। उन्होंने विशेष रूप से अनुचित एवं बढ़ते प्रॉपर्टी टैक्स, बिजली व्यवस्था में सुधार, सड़कों की तत्काल मरम्मत, स्वच्छता तथा सीवरेज व्यवस्था जैसी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने कहा कि आईएमटी मानेसर देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल एवं औद्योगिक उत्पादन केंद्रों में से एक है। ऐसे में यहां बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है, ताकि उद्योगों को सुचारु रूप से संचालन करने में सुविधा मिले और क्षेत्र में नए निवेश एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा सके।
लघु उद्योग भारती के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मानेसर इकाई को संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप सक्रिय रूप से कार्य करने तथा स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं को प्रभावी मंच पर उठाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
नई इकाई के गठन के साथ आईएमटी मानेसर के लघु एवं मध्यम उद्यमियों को एक मजबूत संगठनात्मक मंच मिलने की उम्मीद है, जिसके माध्यम से उद्योगों की समस्याओं के समाधान, आपसी सहयोग, नेटवर्किंग और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।