लघु उद्योग भारती के 32वें स्थापना दिवस के अवसर पर जोधपुर महानगर इकाई द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित उद्यमियों को उनकी औद्योगिक उपलब्धियों और समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उद्यमियों की इकाइयों एवं परिसरों में पहुंचकर उनका आत्मीय स्वागत किया और सम्मान प्रकट किया।
यह पहल उन उद्यमियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से की गई, जिन्होंने अपने परिश्रम, नवाचार और समर्पण से उद्योग जगत को नई दिशा दी तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मानित उद्यमियों में श्री रावलचन्द्र जी चौपड़ा (चेतन स्टील उद्योग), श्री राजेन्द्र जी परिहार (लक्ष्मी इंजीनियरिंग उद्योग), श्री गजेन्द्रमल जी सिघवी (टेक्सटाइल उद्योग) एवं श्री सोहनलाल जी जैन (जैन मेटल उद्योग) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश एवं जोधपुर प्रांत प्रभारी श्री महावीर जी चौपड़ा, जोधपुर प्रांत उपाध्यक्ष श्री हरिश जी लोइया, जोधपुर महानगर अध्यक्ष श्री पंकज जी भंडारी, सचिव श्री राकेश जी चौरड़िया, कोषाध्यक्ष श्री प्रमोद जी चौपड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने सम्मानित उद्यमियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लघु उद्योग भारती सदैव उद्यमियों के हित, उनके सशक्तिकरण और औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। संस्था भविष्य में भी उद्योग जगत को प्रोत्साहित करने और उद्यमियों के साथ मजबूती से खड़े रहने का कार्य निरंतर करती रहेगी। अंत में सभी सम्मानित उद्यमियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दी गईं।