लघु उद्योग भारती द्वारा भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय (विकास आयुक्त, हथकरघा) के सहयोग से उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में दीनदयाल बुनकर केंद्र पर 30 महिलाओं के लिए 45 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को हथकरघा एवं वस्त्र निर्माण से संबंधित व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार, सूक्ष्म उद्यम स्थापना तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए सक्षम बनाना है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय (विकास आयुक्त, हथकरघा) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली पात्र महिलाओं को मंत्रालय की योजना के अंतर्गत लगभग ₹30,000 मूल्य की हथकरघा मशीन मात्र ₹3,000 के अंशदान पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
यह उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) के अंतर्गत प्रारंभ की गई प्रथम पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सफल उद्यमी के रूप में स्थापित करना है।
लघु उद्योग भारती का लक्ष्य इस पहल को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के उपरांत प्रदेश के विभिन्न जिलों तथा देशभर में विस्तारित करना है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को कौशल विकास, उद्यमिता एवं आत्मनिर्भर भारत के अभियान से जोड़ा जा सके।