लघु उद्योग भारती, देवास इकाई द्वारा आज कन्नौद में संगठन विस्तार एवं उद्यमी संपर्क अभियान के अंतर्गत सफल प्रवास आयोजित किया गया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री समीर मूंदड़ा जी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सतीश मुकाती जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में क्षेत्र के उद्यमियों के साथ परिचय एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लघु उद्योग भारती के उद्देश्य, कार्यप्रणाली तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के सशक्तीकरण हेतु संगठन द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयासों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
संवाद के दौरान स्थानीय उद्यमियों ने संगठन के प्रति गहरी रुचि व्यक्त करते हुए उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएँ एवं सुझाव रखे। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान किया तथा संगठन के माध्यम से उद्यमियों को उपलब्ध सहयोग, मार्गदर्शन एवं नेटवर्किंग के अवसरों पर प्रकाश डाला।
बैठक में उपस्थित उद्यमियों ने लघु उद्योग भारती की कार्यशैली एवं राष्ट्रहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में संगठन से सक्रिय रूप से जुड़कर कार्य करने की सकारात्मक इच्छा व्यक्त की।
कन्नौद प्रवास संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सफल पहल सिद्ध हुआ, जिससे क्षेत्र में लघु उद्योग भारती की गतिविधियों को और अधिक गति मिलने तथा नए उद्यमियों के संगठन से जुड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ।