जयपुर प्रांत की महामंत्री श्रीमती सुनीता शर्मा जी, जयपुर प्रांत कौशल प्रभारी एवं जगतपुरा इकाई अध्यक्ष श्रीमती वैशाली वशिष्ठ जी तथा जगतपुरा इकाई सचिव श्रीमती रवीना श्रीवास्तव जी ने कपिल ज्ञानपीठ का भ्रमण कर विद्यालय के निदेशक श्री मनोज मोदी जी एवं निःशुल्क विद्यालय की निदेशक श्रीमती निर्मला जी के साथ कौशल विकास एवं प्रशिक्षण अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र, जयपुर में संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी साझा की गई। विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विद्यालय एवं केंद्र के बीच सहयोग को मजबूत करने पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही कपिल ज्ञानपीठ के विद्यार्थियों का सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया जाएगा। इस भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को केंद्र की आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से अवगत कराया जाएगा तथा विभिन्न कौशल आधारित पाठ्यक्रमों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह पहल युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान करने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विद्यालय और कौशल विकास केंद्र के बीच सहयोग का एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।