देवास। नईदुनिया द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती, देवास की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में लघु एवं मध्यम उद्योगों के सामने आ रही कुशल कर्मचारियों की कमी और रोजगार से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
संवाद के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशल से प्रशिक्षित किया जाए, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें और उद्योगों को भी प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में उद्योगों को केवल डिग्रीधारी युवाओं की आवश्यकता नहीं है, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और कार्य-विशेष से जुड़े कौशल रखने वाले युवाओं की जरूरत है। इसके लिए उद्योगों, प्रशिक्षण संस्थानों और युवाओं के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार योग्य बनाने, उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण विकसित करने और स्किल डेवलपमेंट को उद्योगों से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दिशा में उद्योग जगत और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच निरंतर संवाद को रोजगार सृजन तथा औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।