लघु उद्योग भारती की हरित पहल के अंतर्गत बीकानेर के करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित लघु उद्योग भारती वाटिका में एकादशी के पावन अवसर पर सघन वन अभियान का शुभारंभ किया गया। पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और औद्योगिक क्षेत्रों को हरित एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए इस अभियान का शुभारंभ रीको के निवर्तमान शाखा प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रसाद शर्मा तथा सहायक शाखा प्रबंधक श्री मोहित सिंगला ने 20 पौधे रोपित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने वृक्षारोपण को प्रकृति संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए प्रत्येक उद्योगपति और नागरिक से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य श्री हर्ष कंसल, करनी इकाई अध्यक्ष श्री विनोद धानुका, सचिव श्री मनोज तलवारिया एवं श्री सुनील कंसल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर लघु उद्योग भारती वाटिका को एक आदर्श सघन वन के रूप में विकसित करने के लिए 1,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया और जनसहभागिता के माध्यम से इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि के रूप में डॉ. आशु मलिक ने वाटिका के लिए 116 पौधे भेंट किए, जिसके लिए लघु उद्योग भारती परिवार ने उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
लघु उद्योग भारती ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, जैव विविधता के विकास और औद्योगिक क्षेत्रों को दीर्घकालिक रूप से हरित बनाने की व्यापक पहल है। संस्था ने उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की जनभागीदारी आधारित प्रेरक पहल बताया।