लघु उद्योग भारती, गौतम बुद्ध नगर (GB नगर) इकाई द्वारा उद्यमियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर एक विशेष ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में 93 से अधिक उद्यमियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा AI के व्यावसायिक उपयोग, कार्यक्षमता बढ़ाने और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को सदस्यों का इतना उत्कृष्ट प्रतिसाद मिला कि निर्धारित दो घंटे का सत्र प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं संवाद के कारण तीन घंटे से अधिक समय तक चला। उपस्थित सदस्यों ने इसे अत्यंत उपयोगी एवं व्यावहारिक बताया।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती, गौतम बुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष श्री नरेश कुमार गुप्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में AI जैसी आधुनिक तकनीकों का ज्ञान उद्यमियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
जिला महासचिव श्री संजय बत्रा ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय उद्यमी नवीनतम तकनीकों एवं उद्योग जगत के बदलते स्वरूप से निरंतर जुड़े रहें।
कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री रमन चावला तथा संभाग अध्यक्ष श्री पवन सिंघल की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों पदाधिकारियों ने ऐसे तकनीकी जागरूकता कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताते हुए इनके नियमित आयोजन पर बल दिया।