वाराणसी। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री दिनेश सोनी जी का आज काशी आगमन हुआ। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती, काशी प्रांत के पदाधिकारियों ने उन्हें संगठन की मासिक पत्रिका उद्योग टाइम्स भेंट कर सम्मानित किया।
“उद्योग हित = राष्ट्र हित” के मूल मंत्र के साथ संगठन के उद्यमियों एवं पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के औद्योगिक विकास एवं एमएसएमई से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का प्रमुख विषय वाराणसी में प्रस्तावित टूल रूम की स्थापना की प्रगति रहा। लघु उद्योग भारती द्वारा वर्ष 2016 से निरंतर इस टूल रूम की स्थापना की मांग की जाती रही है। इस परियोजना के साकार होने से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।
संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि टूल रूम की स्थापना से स्थानीय उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होगा तथा क्षेत्र में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती, काशी प्रांत के पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।