सुरक्षित कार्यस्थल एवं श्रमिक कल्याण पर आयोजित परिचर्चा में लघु उद्योग भारती की सक्रिय सहभागिता
प्रदेश की एमएसएमई इकाइयों में सुरक्षित कार्यस्थल, श्रमिक कल्याण तथा नियोक्ता-कर्मचारी समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उद्योग विभाग एवं श्रम विभाग द्वारा पंचानन भवन के सभागार में एक महत्वपूर्ण परिचर्चा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में लघु उद्योग भारती की सक्रिय एवं सार्थक सहभागिता रही।
बैठक में मध्य प्रदेश शासन के श्रम विभाग के सचिव रघुराज राजेंद्रन एवं उद्योग आयुक्त दिलीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इंदौर से पधारी डायरेक्टर श्रम नम्रता तिवारी द्वारा अत्यंत प्रभावी, जानकारीपूर्ण एवं उपयोगी प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें श्रमिक सुरक्षा, श्रम कानूनों की जागरूकता एवं उद्योगों में बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती मध्य भारत प्रांत के महामंत्री विनोद नायर, भोपाल इकाई के अध्यक्ष मितेश लोकवाणी, सचिव नीरज शर्मा तथा भोपाल महिला इकाई की सचिव सोनल श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उद्योगों एवं श्रमिकों के बीच बेहतर संवाद, सुरक्षित कार्यस्थलों की आवश्यकता तथा श्रमिक हितों के संरक्षण को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।