उत्तर बंगाल को विकास का नया इंजन बनाने पर केंद्र सरकार से सार्थक संवाद
लघु उद्योग भारती (LUB) उत्तर बंगाल के अध्यक्ष सीए आदित्य मित्रुका ने आज भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ उत्तर बंगाल की अपार संभावनाओं एवं क्षेत्र के औद्योगिक भविष्य को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सार्थक चर्चा की।
इस अवसर पर उत्तर बंगाल के औद्योगिक विकास, व्यापारिक विस्तार तथा भविष्य के विकास रोडमैप पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के दौरान क्षेत्र में औद्योगिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को प्रोत्साहन देने, चाय उद्योग, पर्यटन, निर्यात तथा निवेश के नए अवसर विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। साथ ही उत्तर बंगाल को पूर्वी भारत के प्रमुख विकास इंजन के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल पर भी चर्चा हुई।
सीए आदित्य मित्रुका ने कहा कि उत्तर बंगाल में विकास की असीम संभावनाएँ मौजूद हैं, किन्तु पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा लंबे समय तक उपेक्षा किए जाने के कारण यह क्षेत्र अपेक्षित गति से प्रगति नहीं कर सका। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डबल इंजन सरकार के सहयोग, दूरदर्शी नेतृत्व एवं सकारात्मक नीतिगत समर्थन से उत्तर बंगाल आने वाले समय में पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था को नई दिशा और मजबूती प्रदान कर सकता है।
माननीय मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर बंगाल से जुड़े विषयों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा आश्वासन दिया कि वे निकट भविष्य में उत्तर बंगाल का दौरा करेंगे, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक एवं निवेश संबंधी अवसरों को और अधिक गति प्रदान की जा सके।