लघु उद्योग भारती ने आईमाता चौक, परवत पाटिया स्थित सीरवी समाज भवन में उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया। जिसमें सूरत समेत देशभर से 1200 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गीत और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। उद्योग भारती, सूरत के अध्यक्ष विक्रम सिंह शेखावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि लघु उद्योग भारती सभी औद्योगिक संगठनों के साथ मिलकर व्यापारियों की कठिनाइयों का निवारण लाने का प्रयास करेगा और सभी व्यवसाइयों और संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास करेगा। निवर्तमान अध्यक्ष बलदेव प्रजापति ने बताया कि तरह लघु उद्योग भारती राष्ट्रीय स्तर पर उद्यमियों और सरकार के बीच सेतु का काम कर रही है। विधायक संगीताबेन पाटिल ने सूरत टीम को शुभकामनाएं दी और सूरत लघु उद्योग भारती को सभी कार्यों में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर शहर के दियोरा डायामंड, हिमानी ग्रुप, लक्ष्मीपति ग्रुप और स्टीम हाउस को उद्यमी अवार्ड-2024 से सम्मानित किया गया।
अभा अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने कहा कि लघु उद्योग भारती ने व्यवसायिक हित में कई कार्य किए है। जिसमें टेक्सटाइल में जीएसटी रिडक्शन और केंद्र सरकार द्वारा छोटे उद्योगों में एलटी की 100 केवी की लिमिट को 150 केवी करवाने में भूमिका निभाई है। सूरत उद्योग केंद्र के ज्वॉइंट कमिश्नर मितेश लाडानी ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रकाश चंद और घनश्याम ओझा ने सूरत लघु उद्योग भारती एप लॉन्च की। बताया कैसे सूरत के सभी व्यापारी एक मंच पर आ कर अपना व्यापार बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी औद्योगिक संगठनों को संगठित होकर काम करना होगा। इससे कुछ समस्या अपने आप ही खत्म हो जाएंगी।