छत्तीसगढ़ में निवेश और औद्योगिक विकास को मिलेगा नया आयाम
छत्तीसगढ़ लघु उद्योग भारती द्वारा 18 से 20 सितंबर 2026 तक साइंस कॉलेज मैदान, रायपुर में आयोजित होने वाले इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर के लिए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री जी ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से देशभर के उद्यमियों को छत्तीसगढ़ आने का अवसर मिलेगा, जिससे प्रदेश में निवेश, उद्योग एवं रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उद्योग एवं उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार निरंतर सकारात्मक प्रयास कर रही है और ऐसे औद्योगिक आयोजनों से छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
भेंट के दौरान कुछ समय पूर्व लघु उद्योग भारती के कार्यालय हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई घोषणा पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस विषय पर उन्होंने शीघ्र आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. श्रीमती सीपी दूबे, सचिव श्री जितेन्द्र चंद्राकर, श्रीमती तूलिका पांडे, रसमड़ा इकाई अध्यक्ष श्री संजय मिश्रा एवं सचिव श्री ओम प्रकाश रजक उपस्थित रहे।