बागपत विकास प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक इकाइयों को जारी किए गए नोटिसों के संबंध में बड़ौत में उद्यमियों एवं व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक माननीय राज्यमंत्री श्री के. पी. मलिक के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में उद्यमियों ने प्राधिकरण की कार्रवाई पर अपनी गंभीर चिंताएँ व्यक्त करते हुए कहा कि दशकों से संचालित उद्योगों को मात्र एक सप्ताह का नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी देना न तो व्यावहारिक है और न ही न्यायसंगत। उन्होंने यह भी प्रश्न उठाया कि जब ये उद्योग स्थापित हुए और वर्षों से संचालित हो रहे थे, तब संबंधित विभागों ने कोई आपत्ति क्यों नहीं उठाई।
उद्यमियों ने आशंका व्यक्त की कि यदि ऐसी कार्रवाई जारी रही तो अनेक औद्योगिक इकाइयों को बंद होने या अन्य स्थानों पर स्थानांतरित होने के लिए विवश होना पड़ेगा, जिससे हजारों लोगों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को भी नुकसान पहुँचेगा। उन्होंने उद्योगों के हित में व्यावहारिक एवं सकारात्मक समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
माननीय मंत्री श्री के. पी. मलिक ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उद्यमी पाँच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन करें। वे स्वयं प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी महोदया से बैठक कर इस विषय पर विस्तृत चर्चा करेंगे तथा समस्याओं के न्यायोचित एवं संतुलित समाधान का प्रयास करेंगे।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नीरज शर्मा, डॉ. अनिल जैन, डॉ. आनंद जैन, डॉ. सुखपाल सहित नगर के अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सक, उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री मुकेश जैन, श्री पंकज जैन, श्री तरुण जैन, श्री गौरव जैन, श्री आदित्य जैन एवं श्री दिनेश जैन का विशेष सहयोग रहा।
यह बैठक उद्योगों के संरक्षण, रोजगार सुरक्षा तथा बागपत में अनुकूल औद्योगिक वातावरण बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।