लघु उद्योग भारती द्वारा मंडौर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
मुख्यमंत्री द्वारा “नान कन्फर्मिंग एरिया” को नियमित करने की घोषणा का किया स्वागत
16 मई : लघु उद्योग भारती अंबाला द्वारा आज मंडौर औद्योगिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अरुण अग्रवाल के सौजन्य से गैलेक्सी पैकेजिंग, पंचायत घर के निकट आयोजित हुई, जिसमें “नान कन्फर्मिंग एरिया” में संचालित औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं एवं उनके अधिकृतकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मंडौर इकाई के साथ-साथ धूलकोट, अंबाला शहर एवं हिसार रोड क्षेत्र के सैकड़ों उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद बंसल ने की।
लघु उद्योग भारती के उत्तर भारत सह-प्रभारी शुभादेश मित्तल ने उद्यमियों का मार्गदर्शन करते हुए “नान कन्फर्मिंग एरिया” से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी तथा उपस्थित उद्योगपतियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
बैठक में लघु उद्योग भारती ने ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित कर माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी द्वारा “नान कन्फर्मिंग एरिया” में चल रहे उद्योगों को अधिकृत करने के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सुभाष धीमान ने बैठक के सफल आयोजन हेतु अरुण अग्रवाल एवं उपस्थित सभी उद्यमियों का धन्यवाद किया। बैठक उपरांत सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।