विगत लंबे समय से मादडी औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे क्षेत्र के उद्योग लगातार प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या के समाधान हेतु कुछ दिन पूर्व भी लघु उद्योग भारती, मादडी इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल पटेल सर्किल कार्यालय में श्री के. आर. मीणा जी से मिलने गया था, किन्तु संतोषजनक समाधान नहीं मिलने पर आज पुनः प्रतिनिधिमंडल ने AVVNL के ज़ोनल चीफ़ इंजीनियर श्री आई. आर. मीणा जी से मुलाकात कर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा।
बैठक के दौरान श्री आई. आर. मीणा जी ने समस्या के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए तत्काल K. R. Meena, AEN H. P. Sharma, XEN Anil Dhing तथा Maintenance JEN Girish जी को बुलाकर आवश्यक निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों से समस्याओं की जानकारी लेकर H. P. Sharma जी द्वारा लिखित शिकायत दर्ज की तथा निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक में समस्याओं के समाधान की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि विद्युत रखरखाव कार्य रविवार को किया जाएगा ताकि उद्योगों के संचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। साथ ही AEN H. P. Sharma जी ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपनी फैक्ट्रियों में उचित विद्युत रखरखाव एवं फ्यूज़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया, जिससे व्यवधानों में कमी लाई जा सके। लघु उद्योग भारती ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
श्री आई. आर. मीणा जी ने जानकारी दी कि आगामी एक वर्ष के भीतर 400KV का नया GSS शुरू होने जा रहा है, जिसका कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इसके पूर्ण होने के बाद उदयपुर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं में व्यापक सुधार होगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि AVVNL औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लघु उद्योग भारती, मादडी इकाई ने इस सकारात्मक पहल एवं सभी उद्योग प्रतिनिधियों के सहयोग और गरिमामय उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि भविष्य में भी सामूहिक प्रयासों से उद्योग क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाता रहेगा।