औद्योगिक विकास हेतु कार्यशाला का सफल आयोजन
दिनांक 30 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:00 बजे, Lalsot Palace में लघु उद्योग भारती एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में औद्योगिक विकास हेतु एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाना तथा उद्यमियों को नवीनतम सरकारी नीतियों, योजनाओं एवं व्यवसाय विस्तार के अवसरों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों को MSME Policy 2024 के अंतर्गत उपलब्ध सब्सिडी, प्रोत्साहन एवं विकास सहायता, ODOP Policy 2024 के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों तक पहुँचाने के अवसर, तथा Export Policy 2024 के अंतर्गत निर्यात बढ़ाने और सरकारी सहयोग से व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर ही उद्यम पंजीकरण से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उपस्थित उद्यमियों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा ने उपस्थित सदस्यों को लघु उद्योग भारती की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं संगठन से जुड़ने के लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रांत सचिव मनीष जौहरी ने सदस्य संख्या बढ़ाने तथा उद्योग विभाग के अधिकारियों के सहयोग से विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने पर बल दिया। अंत में इकाई अध्यक्ष जगदीश जी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। भोजन व्यवस्था के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
यह कार्यशाला स्थानीय उद्यमियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई, जिससे उन्हें अपने उद्योगों के विकास एवं विस्तार के लिए नई दिशा प्राप्त हुई।
– मुरारी लाल सैनी
लघु उद्योग भारती, इकाई लालसोट
राजस्थान