लघु उद्योग भारती का उद्यमी सम्मेलन कल
लघु उद्योग भारती जयपुर अंचल की ओर से सोमवार को विद्याधर नगर स्थित श्री माहेश्वरी समाज जन उपयोगी भवन 'उत्सव' में उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उद्यमी सम्मेलन के प्रचार प्रसार प्रमुख सुमेर सिंह शेखावत व पवन झालानी ने संयुक्त रूप से बताया कि यह कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे प्रारंभ होगा जिसमें करीब 1000 उघमी सम्मिलित होंगे। हमारा संगठन सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के बीच कार्य करने वाला एकमात्र राष्ट्रीय संगठन है जिसका प्रतिनिधित्व भारत के सभी राज्यों में है साथ ही 50000 से अधिक सक्रिय उद्योग इसके सदस्य हैं। इस उद्यमी सम्मेलन के तहत उद्योगों की समस्याओं पर चिंतन मनन किया जाएगा। लघु उद्योग भारती के अंचल अध्यक्ष सुधीर कुमार गर्ग व महामंत्री सुनीता शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दीयाकुमारी, विशिष्ट अतिथि उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ रहेंगे। कार्यक्रम अध्यक्ष जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लि. के चेयरमैन आई सी अग्रवाल एवं कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय संगठन मंत्री लघु उद्योग भारती प्रकाश चंद्र उपस्थित रहेंगे।

