'एक स्थान पर मिलें उद्यम संबंधी सभी सुविधाएं
जासं, लखनऊ: लघु उद्योग भारती लखनऊ इकाई द्वारा सिडबी के सहयोग से गोमतीनगर स्थित एक होटल में सेमिनार हुआ। भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) के महाप्रबंधक मनीष सिन्हा ने कहा कि सिडबी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के प्रसार, वित्तपोषण और विकास के लिए प्रमुख वित्तीय संस्थान के रूप में कार्य करता है। सिडबी उद्यमशीलता को बढ़ावा देता है और उद्यमियों के विकास और क्षमता निर्माण में भी सहायता करता है।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती लखनऊ इकाई के अध्यक्ष अरुण भाटिया ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में केंद्र और प्रदेश की योगी सरकार ने एमएसएमई सेक्टर के विकास पर खासा जोर दिया है। उन्होंने कहा कि सिडबी के माध्यम से हमारा प्रयास है कि उद्यमी बंधुओं को उद्यम संबंधी सभी सुविधाओं की जानकारी एक ही मंच पर सुलभ हो ताकि उद्योग इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर प्रदेश के औद्योगिक विकास में अपना समुचित योगदान दे सके।

