लघु उद्योग भारती, बरोटीवाला इकाई की मासिक बैठक दिनांक 25 जुलाई 2026 को लघु उद्योग भारती के प्रदेश कार्यालय में इकाई अध्यक्ष श्री संजीव सिंह जी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, LEAP पोर्टल पंजीकरण एवं आगामी कार्यक्रमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक का शुभारंभ नए सदस्यों के स्वागत के साथ हुआ। इस माह इकाई में जुड़े दो नए सदस्यों का सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक माह नए सदस्यों को जोड़ने का अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। इस संबंध में कार्यालय कार्यकारी को इकाई सदस्यों की सूची भी सौंपी गई।
बैठक में LEAP पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी सभी उपस्थित सदस्यों को विस्तार से दी गई। कार्यालय कार्यकारी श्री आकाशदीप जी को पोर्टल पर अधिक से अधिक सदस्यों का पंजीकरण करवाने का दायित्व सौंपा गया, ताकि संगठन की डिजिटल गतिविधियों को गति मिल सके।
आगामी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। इकाई महामंत्री डॉ. हेमंत कौशल जी ने कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। सभी सदस्यों ने अपने सुझाव साझा किए। प्रदेश पदाधिकारियों से चर्चा के उपरांत कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में इकाई के वरिष्ठ सदस्य श्री संजय अहूजा जी ने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि प्रत्येक मासिक बैठक में किसी न किसी विभाग के अधिकारी को आमंत्रित किया जाना चाहिए, जिससे उद्यमियों को संबंधित विभाग की योजनाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी मिल सके। साथ ही सदस्यों की विभागीय समस्याओं एवं शिकायतों पर बैठक में ही चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जा सके।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने एवं उद्यमियों के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।