लघु उद्योग भारती की भोपाल महिला इकाई द्वारा आज मंडीदीप एवं ओबेदुल्लागंज का विशेष संगठनात्मक एवं संपर्क प्रवास संपन्न किया गया। इस प्रवास का उद्देश्य महिला उद्यमियों से संवाद स्थापित करना, संगठन का विस्तार करना तथा महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को नई गति प्रदान करना था।
प्रवास के प्रथम चरण में उमा दीदी, प्रतिभा दीदी एवं शुभा जी के साथ मंडीदीप का दौरा किया गया। इस दौरान Artec Solonics की CEO श्रीमती आरती जी से आत्मीय भेंट हुई। बैठक में मंडीदीप क्षेत्र में लघु उद्योग भारती महिला इकाई के गठन, संगठन को सशक्त बनाने तथा अधिकाधिक महिला उद्यमियों को जोड़ने के विषय पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही श्रीमती पूर्णिमा जैन जी से भी संगठन के विस्तार एवं महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के संबंध में सार्थक विचार-विमर्श किया गया।
इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ओबेदुल्लागंज पहुंचा, जहां श्रीमती मनीषा नगर जी से सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई। मनीषा जी ने लघु उद्योग भारती से जुड़कर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की अनेक महिलाओं को विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वावलंबी बनाने एवं स्वरोजगार से जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में उनका यह प्रयास प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय है।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि लघु उद्योग भारती का उद्देश्य केवल उद्योगों का विकास ही नहीं, बल्कि महिलाओं को उद्यमिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। मंडीदीप एवं ओबेदुल्लागंज का यह प्रवास संगठन विस्तार, महिला नेतृत्व को प्रोत्साहन तथा ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों की महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सफल सिद्ध हुआ।
भोपाल महिला इकाई द्वारा भविष्य में भी ऐसे संपर्क एवं विस्तार प्रवासों के माध्यम से अधिकाधिक महिला उद्यमियों को संगठन से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।