लघु उद्योग भारती महिला इकाई, ब्यावर ने 25 जुलाई 2026 को जोधपुर महिला इकाई द्वारा आयोजित स्वयंसिद्धा राखी मेले में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर ब्यावर इकाई की अध्यक्ष अर्पिता शर्मा, सचिव उर्वशी भारद्वाज, सह सचिव शशि मोदी तथा कार्यकारिणी सदस्य मीनाक्षी सिंघल, मनीषा जैन एवं उर्मिला गुप्ता जोधपुर पहुँचीं।
जोधपुर महिला इकाई द्वारा सभी अतिथियों का आत्मीय एवं भावपूर्ण स्वागत किया गया। ब्यावर इकाई की सदस्यों ने मेले एवं प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों, नवाचारों और उद्यमशीलता के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। प्रदर्शनी के माध्यम से स्वयंसिद्धा द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रत्यक्ष रूप से देखना सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी एवं सुखद अनुभव रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निर्यात विषयक सेमिनार में भी ब्यावर इकाई की सदस्यों ने भाग लिया, जहाँ विशेषज्ञों ने निर्यात प्रक्रियाओं, वैश्विक बाजार की संभावनाओं तथा महिला उद्यमियों के लिए उपलब्ध अवसरों पर महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के समापन पर मंजू दीदी ने ब्यावर महिला इकाई की सभी सदस्यों का जोधपुर आगमन एवं सहभागिता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। यह सहभागिता महिला उद्यमियों के बीच आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।