माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लघु उद्योग भारती, काशी प्रांत द्वारा औद्योगिक आस्थान, चांदपुर, वाराणसी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्यमियों, अधिकारियों एवं श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर इस अवसर को हर्ष, उल्लास और गौरव के साथ मनाया।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश सचिव राजेश कुमार सिंह ने उपस्थित सभी जनों को लड्डू वितरित कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि काशी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। MSME क्षेत्र के विकास हेतु लागू विभिन्न योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत अभियान ने भारतीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों में नई पहचान दिलाने का कार्य किया है।
उन्होंने वाराणसी के विकास का उल्लेख करते हुए बताया कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण के पश्चात काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। बढ़ती पर्यटन गतिविधियों से होटल, रेस्टोरेंट, ट्रैवल, हस्तशिल्प एवं बनारसी वस्त्र उद्योग को नई गति मिली है, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अनेक अवसर सृजित हुए हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से लघु उद्योग भारती ने विकसित भारत के संकल्प में MSME क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उद्योग जगत की निरंतर सहभागिता का संदेश दिया।