वोकल फॉर लोकल को मिलेगी नई गति: फैक्ट्री आउटलेट्स एवं औद्योगिक सुविधाओं की मांग लेकर राज्यपाल से मिला लघु उद्योग भारती प्रतिनिधिमंडल
लघु उद्योग भारती, पंजाब एवं चंडीगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय राज्यपाल, पंजाब एवं प्रशासक, यू.टी. चंडीगढ़ श्री गुलाब चंद कटारिया जी से शिष्टाचार भेंट कर उद्योगों के विकास, उद्यमियों की समस्याओं एवं औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती पंजाब के अध्यक्ष श्री प्रदीप मोंगिया, चंडीगढ़ के अध्यक्ष श्री अवी भसीन सहित श्री मनीष निगम, श्री अनिल शर्मा एवं श्री सुरेश गुप्ता उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने उद्योगों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए राज्यपाल महोदय का आभार व्यक्त किया।
बैठक में पंजाब में युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कौशल विकास केंद्र हेतु भूमि आवंटन का अनुरोध किया गया। साथ ही चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं एवं संभावित समाधानों पर भी चर्चा की गई।
श्री अवी भसीन ने राज्यपाल महोदय का शॉल भेंट कर सम्मान किया और उद्योगों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने हेतु उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के बाद पहली बार चंडीगढ़ के उद्यमियों में नई आशा एवं विश्वास का संचार हुआ है।
प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक इकाइयों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए फैक्ट्री आउटलेट्स स्थापित करने की अनुमति देने की मांग रखी, जिससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “वोकल फॉर लोकल”, “मेक इन इंडिया” तथा “आत्मनिर्भर भारत” जैसे राष्ट्रीय अभियानों को और मजबूती प्राप्त होगी।
इसके अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्रों में ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर, रिपेयरिंग, स्पेयर पार्ट्स, एक्सेसरी फिटमेंट, हार्डवेयर स्टोर, एम.एस. स्टील एवं शीट व्यापारियों सहित उद्योग सहायक गतिविधियों को अनुमति देने का आग्रह किया गया, ताकि उद्यमियों को आवश्यक सेवाएं एवं सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया जी ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों को गंभीरता से सुना और उद्योगों के विकास, निवेश वृद्धि तथा रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में पंजाब एवं चंडीगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा एवं गति मिलेगी।